
हम सबने रील्स और यूट्यूब वीडियो में देखा है । बहुत क्रिएटर्स यह कहते हैं कि हर महीने ₹5,000 निवेश करो और 30 साल बाद ₹2 करोड़ से आराम से ज़िंदगी जीयो। सुनने में तो यह बहुत अच्छी लगती है, लेकिन एक इंसान जब इसका कैलकुलेशन करता है तब पता चलता है । एक आदमी 20 या 22 साल की उम्र में कमाना शुरू करता है। वह अगले 30 साल तक सिर्फ पैसा निवेश करता है। जब तक वह अमीर बनेगा तब तक उसकी उम्र 52 साल की हो चुकी होगी।50 साल की उम्र के बाद अगर अमीर बन भी जाओ तो उस पैसे का आप क्या करोगे, जब ज़िंदगी का सबसे बेहतरीन समय जवानी ही निकल गया ? 50 के बाद अमीर होकर फायदा क्या ?

जब आप 20-25 साल के होते हो तब आपके पास बहुत बड़े सपने होते हैं। महंगी बाइक खरीदना , महंगी कार खरीदना ,शॉपिंग करना,दोस्तों के साथ दुनिया घूमना।

अगर 55 साल की उम्र के बाद आपके बैंक में ₹5 करोड़ भी पड़े होंगे तो भी आप उस उम्र में स्काई डाइविंग नहीं कर पाओगे , पैराग्लाइडिंग नहीं कर पाओगे । उस उम्र में आप बस घर बैठे सोचते रहोगे कि मेंने जवानी में यह क्यों नहीं किया, वह क्यों नहीं किया। आपका घुटने का दर्द , बीपी की गोली और परिवार की ज़िम्मेदारी आपको परेशान करेगी। पैसे का असली मज़ा तब है जब खर्च करने के लिए शरीर में जान हो।
भविष्य के लिए पैसा बचाना बहुत ज़रूरी है , लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि अपने आज को हम बिना खर्च किए , बिना अच्छा खाए, बिना घूमे, मतलब अपनी खुशी को छोड़ दें। अगर हम 30 साल तक अपनी खुशी को, अपने सपनों को इसलिए गला घोंट कर मार रहे हैं ताकि 60 साल की उम्र में एक अच्छा बैंक बैलेंस हो । तो दोस्तों मैं आपको बताना चाहता हूँ , कल किसने देखा ? क्या पता कल हमारे साथ क्या होगा ।

एक बहुत बढ़िया तरीका है जिसे Die with Zero कहते हैं। पैसा तभी काम का है जब उसका इस्तेमाल सही समय पर किया जाए।

इसका मतलब यह नहीं कि आप अपना सारा पैसा उड़ा दो और कल कटोरी लेकर रास्ते पर आ जाओ । इसका मतलब है बैलेंस।जो चीज़ें आप 20 या 30 की उम्र में कर सकते हो, उन्हें 55 की उम्र तक न छोड़ें।आज का सबसे बड़ा निवेश आपके स्वास्थ्य पर होना चाहिए , ताकि 60 की उम्र में उन बचाए हुए पैसे का भरपूर आनंद ले सकें ।

बहुत लोग कहते हैं 30-35 साल पैसा निवेश करो । लेकिन आपको दूसरों की बातों में आकर 30-35 साल के लंबे निवेश की चिंता करने की ज़रूरत नहीं है। सिर्फ बुढ़ापे के लिए पैसा न बचाइए । आपको बस 3 या 5 साल के लिए पैसे को निवेश करना चाहिए । अगर आप अपनी इनकम को और बढ़ाने के ऊपर फोकस करोगे तो आप अपना आज भी खुशी से जी पाओगे और भविष्य में भी कोई परेशानी नहीं होगी ।
पैसा ज़रूरी है और भविष्य की प्लानिंग भी ज़रूरी है ताकि बुढ़ापे में किसी के आगे हाथ फैलाना न पड़े। लेकिन आज को बेचकर कल खरीदना अच्छा नहीं है ।कल किसने देखा ।

